बालाघाट। मप्र बुलंद आवाज नारी शक्ति आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका संगठन के बेनर तले की जा रही हड़ताल 7 अप्रेल को स्थगित कर दी गई। सरकार से मिले आश्वासन के बाद शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों ने अपनी हड़ताल स्थगित की। बकायदा इसकी सूचना भी प्रशासन को दी। धरना प्रदर्शन स्थल पर अपर कलेक्टर शिव गोविंद मरकाम पहुंचे। जिन्हें प्रदर्शनकारियों ने हड़ताल के स्थगित होने का ज्ञापन सौंपा।
जानकारी के अनुसार संगठन के बेनर तले 15 मार्च से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल पर थी। वेतन बढ़ोत्तरी, पेंशन प्रदान किए जाने, मुख्यमंत्री की घोषणाओं को लागू करने सहित अन्य मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका यह प्रदर्शन कर रही थी। संगठन की जिला अध्यक्ष योगिता कावड़े ने बताया कि सागर जिले में मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने सरकार की ओर से समस्याओं के समाधान किए जाने का आश्वासन दिया है। जिसके बाद प्रदेश संगठन के आव्हान पर एक माह के लिए हड़ताल स्थगित की है। यदि मांगे नहीं मानी जाती है तो फिर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हड़ताल अवधि के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं ने अपने-अपने केन्द्र की चाबी प्रशासन को सौंप दी थी। अब हड़ताल स्थगित होने के बाद पुन: केन्द्र में लौटकर पूर्ववत कार्य शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका मौजूद थी।