बालाघाट।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को न्यायालय द्वारा दो वर्ष की सजा सुनाए जाने के बाद उनकी संसद की सदस्यता समाप्त किए जाने के बाद से ही लगातार कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के समर्थन में विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में बालाघाट जिले के लालबर्रा जनपद में कांग्रेसियों द्वारा जय भारत सत्याग्रह कर केंद्र व मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार का विरोध किया गया है।
सिर्फ झूठ बोलकर कानून को तोड़ने वाली है भाजपा की सरकार
जय भारत सत्याग्रह के दौरान बालाघाट के प्रभारी आलोक मिश्रा ने मंच से कहा कि कांग्रेस देश को जोड़ने के साथ ही संविधान के नियमों के तहत चलने वाली पार्टी है और कांग्रेस ने हमेशा से ही देश का भला किया है, लेकिन भाजपा सिर्फ और सिर्फ झूठ बोलकर व कानून को तोड़कर तानाशाह तरीके से सरकार चलाने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की झूठ फेहरिस्त इतनी लंबी है कि किस-किस के बारे में बताए सबसे पहले तो १५ लाख का लालच देश की जनता को दिया गया और फिर सत्ता में काबिज होने के बाद जनता को १५ लाख देना तो दूर की बात है बल्कि कुछेक उद्योगपतियों के माध्यम से जनता की गाड़ी कमाई को ही देश से बाहर भिजवा दिया गया है। जिसका विरोध व संसद में सवाल पूछने पर राहुल गांधी को बिना किसी कारण के ही प्रताडि़त किया जा रहा है, लेकिन जनता इस बात को भी समझ चुकी है।
देश ही नहीं स्थानीय स्तर पर भी किया जा रहा प्रताडि़त
मंच से जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरसवार ने कहा कि भाजपा के तानाशाह रवैय का आलम यह है कि देश ही नहीं बल्कि स्थानीय स्तर पर भी प्रताडि़त करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यही वो जगह है लालबर्रा जहां सार्वजनिक जगह पर एक अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया गया था जब उसके पक्ष में सामाजिक लोग सामने आ रहे थे तब डरा धमकाकर उन्हें चुप करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि लालबर्रा की जनता सबकुछ जानती है और वह आगामी समय में सबकुछ बताएगी भी। इस दौरान लांजी विधायक हिना कावरे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से घबरा गई है जिसका ही ये परिणाम है कि वह संविधान के नियमों का पालन कर अपनी मनमानी कर रही है। जिसके चलते ही भाजपा की पोल खोलने के लिए ही कांग्रेस के द्वारा जमीनी स्तर पर यह जय भारत सत्याग्रह किया जा रहा है। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी पुष्पा बिसेन, राजा सोनी, श्याम पंजवानी समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।