लामता प्रोजेक्ट वन विकास निगम के लालबर्रा का मामला
बालाघाट।
लामता प्रोजेक्ट वन विकास निगम वन परीक्षेत्र लालबर्रा में इन दिनों वन माफियाओं की टेढी नजर लगी हुई है। लकड़ी कारोबारी आसानी से सागौन सहित अन्य कीमती वृक्षों का कत्लेआम कर परिवहन कर रहे हैं। वहीं सुरक्षा में तैनात जिम्मेदार पूरी मामले से अनभिग्य बने हुए हैं। कार्रवाई न कर ऐसे जिम्मेदार मौन संरक्षण प्रदान करते जान पड़ते हैं।
पत्रिका ने लालबर्रा परिक्षेत्र के साल्हेबर्डी और बगदेही के जंगलों का मुआयना किया। इस दौरान बड़ी मात्रा में पेड़ों की कटाई नजर आई। मौके पर बचे ठूठ अवैध कटाई की पूरी कहानी बयां करते नजर आए।
यहा चल रही अवैध कटाई
वन समितियों जुड़े लोगों की माने तो पूर्व में लकड़ी कारोबारियों ने साल्हेबर्डी बीट के कक्ष क्रमांक 397 व 390 में बड़ी मात्रा में सागौन व अन्य प्रजाति की लकडिय़ों का सफाया किया। अब उनकी नजर बगदेही के जंगल में लगी हुई। कारोबारी नित्य चार से पांच पेड़ों काटकर परिवहन कर रहे हैं। वहीं वन अमला अब भी साल्हेबर्डी बीट में निरीक्षण और चौकीदारी करते नजर आता है। वन विभाग ने कुछ जलाऊ और बाड़ी रुंधान के लिए लकडिय़ों का परिवहन कर रहे लोगों को पकडकऱ समझाईश भी दी है। वहीं कुछ एक पर कार्रवाई भी की, लेकिन बगदेही बीट के जंगलों को नजर अंदाज यहां माफियाओं को मौन संरक्षण प्रदान किया जा रहा है।
भट़्टा संचालक भी काट रहे जंगल
स्थानीय ग्रामीणों की माने तो बगदेही और सालेबर्डी में सबसे अधिक जंगलों को नुकसान पहुंचाने का कार्य ईंट भट्टा संचालक कर रहे हैं। नियमानुसार जंगल क्षेत्र में ईंट भट्टो का संचालन नहीं किया जा सकता है। बावजूद इसके बगदेही और सालेबर्डी में एक से अधिक भट्टों का संचालन बेखौफ होकर किया जा रहा है। इन भट्टों की जानकारी वन विभाग को भी है, बावजूद इसके कार्रवाई नहीं किया जाना दाल में कुछ काला होने की ओर इंगित करता है। भट्टा संचालक इन्हीं जंगलों की लकडिय़ों का उपयोग ईंटों को पकाने में कर रहे हैं।
पारदर्शी हो रहे जंगल
बताया गया कि पिछले कुछ वर्षो से बगदेही और सालेबर्डी में इतनी अधिक मात्रा में कटाई की गई है कि ये घने जंगल पारदर्शी हो गए हैं। वहीं वर्तमान में ही आठ से 10 नए ठूठ अवैध कटाई जारी होने के मामले की पुष्टि कर रहे हैं, लेकिन वन विभाग का कोई जिम्मेदार यहां नहीं पहुंच पाया है।
इनका कहना है
हमें समय-समय पर कार्रवाई करते हैं। सोलबर्डी में पिछले दिवस ही लकडिय़ों की कटाई कर परिवहन करते मामला बनाया गया है। बगदेही बीट में भी चौकीदार पदस्थ है। जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।
ज्योत्सना खोब्रागड़े, रेंजर वन परिक्षेत्र लालबर्रा