चार दिन की हड़ताल के बाद काम पर लौटे सभी डाक कर्मचारी

बालाघाट। 12 दिसंबर से शुरू हुई डाक कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित कर दी गई है। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों की न ही मांग पूरी हुई और ना ही उन्हें सरकार की तरफ से कोई ठोस आश्वासन मिला, बावजूद इसके राष्ट्रीय सचिव के आह्वान पर चार दिनों में ही डाक कर्मचारियों की यह आनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित हो गई और हड़ताल पर गए जिले के सभी 1200 डाक कर्मचारी काम पर लौट आए और अपना कार्य संभाल लिया है। बताया जा रहा है की संपूर्ण देश में अपनी प्रमुख 07 सूत्रीय मांगों को लेकर 12 दिसंबर से डाक कर्मचारियों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की गई थी उन्होंने सभी मांगे पूरी न होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी थी। इस दौरान देश भर के डाक कर्मचारियों ने राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर काम बंद कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाएं पूर्ण रूप से प्रभावित हो चुकी थी। डाक कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल अभी शुरू हुए महज 4 ही दिन हुए थे कि बिना किसी मांग पूरी हुए या बिना किसी आश्वासन के ही डाक कर्मचारियों ने अपनी यह हड़ताल स्थगित कर दी। अचानक से अनिश्चितकालीन हड़ताल स्थगित करने से इसे संगठन की एक बड़ी कमजोरी माना जा रहा है, तो वही डाक कर्मचारियों को वेतन कटने का भी डर सता रहा है। शायद यही वजह है कि राष्ट्रीय संगठन सचिव द्वारा हड़ताल स्थगित करने के आदेश दिए गए हैं। डाक कर्मचारियों द्वारा जिन मांगो को लेकर अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल की गई थी, उनमें डाक कर्मचारियों ने 8 घंटे काम, पेंशन के सभी लाभ देने, नियमित कर्मचारियों के समान भत्ता दिए जाने, वेतन वृद्धि, उन्नयन का लाभ देने, कमलेश चंद्र समिति की सिफारिशे लागू करने, समूह बीमा का कवरेज बढ़ाने, ग्रेजुएटी का लाभ देने, अवकाश नगदीकरण की सुविधा प्रदान करने, जीडीएस और उनके परिवार को चिकित्सा सुविधा मुहैया करने, पेंशन प्रदान करने ,कार्य का मूल्यांकन करने ,अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने, और अनुकंपा नियुक्ति में लगे अडंगो को हटाने सहित अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए उनकी समस्त मांगे पूरी किए जाने की गुहार लगाई थी। वही मांग पूरी न होने तक उनके यहां अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी थी।
हड़ताल समाप्त नही हुई स्थागित की गई है - इडपात्रे
चर्चा के दौरान संगठन के संभागीय सचिव आई एल इडपात्रे ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय सचिव एस एस महादेवे के निर्देशन पर हड़ताल स्थगित की गई है। ना तो हमारी कोई मांगे पूरी हुई है और ना ही हमें मांगों को लेकर आश्वासन मिला है। संगठन द्वारा बताया गया है की मांगों को लेकर मंत्रालय सचिव से चर्चा चल रही है, जिसके चलते संगठन ने हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया है। हमारी यह हड़ताल समाप्त नहीं हुई है बल्कि स्थगित की गई है, यदि मांगे पूरी नहीं होती या मांगों को लेकर कोई बात नहीं बनती तो संगठन के आव्हान पर पुनः अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।