लांजी। मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ व तेलंगाना में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए हैं जिसमे राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ तीन राज्यों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। इन तीनों राज्यों में अधिक मतों के साथ बीजेपी ने विजय पाई है, इस जबरदस्त जीत पर कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। इसी कड़ी मे लांजी किरनापुर विधानसभा क्षेत्र 109 से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार कर्राहे ने जीत का परचम लहराया, जिससे समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थको में भारी हर्ष व्याप्त है। राजकुमार कर्राहे की जीत पर लांजी में भव्य विजय जुलूस निकाला गया जिसमे भाजपा के तमाम वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे, साथ ही भाजपा समर्थक एवं क्षेत्रीय जनता बड़ी संख्या में शामिल रही। विजय जुलूस दोपहर 2 बजे से राजकुमार कर्राहे के निवास स्थान से प्रारंभ होकर सालेटेकरी मार्ग से गुजरी चौक होते हुए मां लंजकाई मंदीर पहुची जहां श्री कर्राहे ने आशीर्वाद लिया, तत्पश्चात जुलूस मेंन रोड होते हुए बसस्टैंड सुभाष चौक पहुची जहां विशाल जनसभा को उनके द्वारा सम्बोधित किया गया।
जुलूस के दौरान रास्ते में जगह-जगह व्यापारियों एवं नगर की जनता द्वारा नव निर्वाचित विधायक राजकुमार कर्राहे का फूलमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया, साथ ही मिठाई खिलाकर जीत की बधाईया दी गई। पूर्व कृषि उपज व्यापारी संघ अध्यक्ष एवं भाजपा किसान मोर्चा मंडल महामंत्री बबलू (लिलेश्वर) खानोरकर के द्वारा नव निर्वाचित विधायक राजकुमार कर्राहे का स्वागत फलो से तौल कर फल वितरण कर किया गया। इनके साथ ही विक्रांत फोटोकॉपी, दुग्गड ज्वैलर्स एवं अनेको लोगों द्वारा नव निर्वाचित विधायक को फलो से तौला गया। इस विजय जुलूस के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सत्यनारायण अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश रंगलानी एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती लता एलकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता गण मौजूद रहे।
कांग्रेस के स्टार प्रचारक को हराना सबसे बड़ी जीत है - राजकुमार कर्राहे
सभा को संबोधित करते हुए राजकुमार कर्राहे ने कहा यह जीत जनता और कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत है, लांजी से कमल का फूल अब मध्यप्रदेश में जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो योजनाएं लागू की उसका फायदा हमें मिला है और हमें खुशी है कि सरकार के साथ लांजी का विकास किया जाएगा। क्षेत्र की जनता ने उन्हें बड़ी जवाबदारी दी है, अब दिन और रात मेहनत करनी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय विचारधारा पर चलकर अंतिम छोर के व्यक्ति को लाभांवित करना है। लांजी चुनाव प्रभारी रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सेठिया ने कहा कि लांजी में भाजपा ने कांग्रेस की बड़ी नेता को हराया है, यह कांग्रेस के लिए सबसे दुखद है। कांग्रेस की स्टार प्रचारक को हराना ही भाजपा की सबसे बड़ी जीत है।