वारासिवनी। शहर के नागरिकों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए, यदि नागरिकों को आप लोगों की ओर से परेशानी होती हैं, तो फिर हमको भी परेशानी होगी। क्योंकि नागरिकों ने ही हमें अपनी समस्याओं के हल के लिए जनप्रतिनिधि चुना हैं। यदि उनको किसी भी तरह से अनावश्यक तरीके से परेशान किया जाता हैं, तो इसे बर्दाश्त नही किया जायेगा। उक्त बात विधायक विवेक विक्की पटेल ने नगरपालिका के औचक निरीक्षण के दौरान नपा सीएमओ एवँ परिषद के कर्मचारियों अधिकारियों से कही। नगरपालिका परिषद वारासिवनी में लगातार चल रही भर्राशाही, तानाशाही और शहरों में बेवजह लोगों को परेशान करने की मिल रही लगातार शिकायत के बाद वारासिवनी-खैरलांजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक विक्की पटेल ने गुरुवार को नगरपालिका कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। विधायक श्री पटेल के नगरपालिका पहुॅचने की जानकारी मिलते ही नपा कर्मियों में अफरा तफरी का माहौल देखा गया। इस दौरान नपा सीएमओ दिशा डहेरिया, उपयंत्री सुमित मोटवानी, ब्लॉक कांग्रेस डोंगरमाली अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू राजपूत, कैलाश दुल्हानी, जग्गी सरदार, चिंटू जैन, प्रमेन्द्र हेडाऊ, नितिन जैन सहित अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद रहें।
सभी विभागों की फाइलों का किया निरीक्षण
विधायक विवेक पटेल ने नगर पालिका कार्यालय पहुँचने के बाद सबसे पहले नपा के सभी विभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों से चर्चा की और उनकी परेशानियों के बारे में उनसे पूछा। वहीं उन्होंने  अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वह शहर की जनता को परेशान ना करे, अगर शहर की जनता को परेशानी होंगी, तो हमें भी परेशानी होंगी। हमें जनता ने अपना प्रतिनिधि चुना हैं, इसीलिए जनता को कोई परेशानी नहीं हो, यह देखना भी हमारी जिम्मेदारी हैं।  
सीएमओ से की चर्चा
विदित हो कि विवेक पटेल के विधायक बनने के बाद से ही उन्हें लगातार लोगों द्वारा नपा की कारिंदों की वजह से हो रही परेशानियों से अवगत कराया जाता रहा हैं। इतना ही नहीं नपा की आर्थिक स्थिति खराब होने के चलते नपा के मजदूरों को बीते 3 माह से वेतन ना मिलने से परेशान कुछ मजदूरों ने बुधवार को विधायक विक्की पटेल से मिलकर अपनी परेशानियों से अवगत कराया था। जिसके बाद गुरुवार दोपहर विधायक पटेल ने नपा पहुँच सीएमओ से सभी विषयों पर विस्तृत चर्चा की चर्चा की
गलत कार्यवाही की लगातार मिल रही थीं शिकायते
नपा द्वारा चुनाव बाद से लगातार बेवजह छोटे दुकानदारों सहित अन्य लोगों को अतिक्रमण के नोटिस थमा कर उन्हें डराने का कार्य किया जा रहा हैं। शहर में जिम्मेदारों की शह पर जारी अवैध निर्माणों पर रोक नहीं लग पा रही हैं। नपा में नागरिकों की कोई सुनवाई नहीं हो रही हैं।
तीन माह से कर्मचारियों को नहीं मिला हैं वेतन
ज्ञात रहे कि नपा के सफाई और अधिकांश दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला हैं। जिसके चलते दैनिक वेतनभोगियों को बेहद कठिनाइयों के दौर से गुजरना पड़ रहा हैं। इसीलिए कर्मचारियों ने विधायक श्री पटेल से वेतन दिलाए जाने की मांग को लेकर उन्हें हस्तक्षेप कर तत्काल वेतन दिलाए जाने की मांग की जा रही थी।
नगरपालिका कर्मचारियों ने विधायक विवेक पटेल की तारीफ
नगरपालिका पहुँचे विधायक श्री पटेल नपा कर्मियों से मिले, तो नपा कर्मियों में खुशी का माहौल दिखाई दिया। वहीं नपा कर्मियों ने विधायक पटेल से जल्द ही वेतन करवाने की मांग करते हुए उनकी जमकर तारीफ  की। उल्लेखनीय हैं कि विधायक बनने के पूर्व विवेक विक्की पटेल वर्ष 2015 से लेकर वर्ष 2020 तक नगरपालिका परिषद वारासिवनी के अध्यक्ष पद पर आसीन रहे हैं। इसीलिए नगरपालिका के कर्मचारियों से उनके पारिवारिक संबंध बने हुए हैं।   
शहर की जनता को नहीं होनी चाहिए परेशानी-विवेक पटेल
इस मौके पर मीडिया से चर्चा करते हुए विधायक विवेक विक्की पटेल ने कहा कि मैं भी नगरपालिका का 5 वर्ष तक अध्यक्ष रहा हूँ। मेरे कार्यकाल में कभी किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। वहीं मुझे नपा के कर्मचारियों ने शिकायत की थीं कि हमें पेमेंट नहीं मिला हैं। इतना ही नहीं शहर की जनता को बेवजह परेशान किया जा रहा था। नपा सीएमओ से हमने चर्चा की हैं, उन्होंने हमें आश्वस्त किया हैं कि जल्द ही कर्मचारियों को पेमेंट करवा दिया जायेगा।