आगरा । उत्तर प्रदेश के आगरा में पति-पत्नी ने खेत में जाकर पेड़ से रस्सी बांधी और एकसाथ फांसी लगा ली। पति की तो फंदे से झूलकर मौत हो गई। लेकिन पत्नी बच गई क्योंकि वह जिस रस्सी का फंदा बनाकर लटकी थी, वह उसके वजन के बोझ से टूट गई। मामला आगरा से करीब 50 किलोमीटर दूर फतेहपुर सीकरी इलाके के गिलोय गांव का है। यहां 54 साल के किसान मान सिंह उर्फ कलुआ और उसकी 50 वर्षीय पत्नी संता देवी ने अपने घर से करीब 300 मीटर दूर खेत में पेड़ की डाल से रस्सी बांधी और फंदा बनाकर दोनों फंदे पर झूल गए। पति तो फंदे से लटका रह गया। जबकि, भारी वजन होने के कारण पत्नी के गले में लगी रस्सी टूट गई और वह बेहोशी की हालत में नीचे गिर गई। कुछ देर बाद उसे होश आया तो बदहवास होकर घर की तरफ चल पड़ी। रास्ते में दो पुलिसकर्मी दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने संता देवी के गले से रस्सी खोली और एंबुलेंस को फोन किया। महिला ने पुलिस वालों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिसकर्मी फौरन उस पेड़ के पास पहुंचे। उन्होंने फंदे से लटके मान सिंह को पेड़ से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। उधर, महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
अछनेरा के सीओ राजीव सिरोही के मुताबिक, गृह कलेश के कारण पति-पत्नी ने यह कदम उठाया। दोनों के चार बच्चे हैं जिनकी शादी हो चुकी है। सीओ ने बताया कि पति-पत्नी की आपस में बनती नहीं थी। इसी के चलते दोनों ने जीवनलीला समाप्त करने का निर्णय लिया। फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है। घर के अन्य सदस्यों से भी इस बारे में पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।