उत्तर प्रदेश के बागपत में खेकड़ा थानाक्षेत्र में एक मकान में अचानक विस्फोट होने से छत धराशायी हो गई। जानकारी के अनुसार खेकड़ा थानाक्षेत्र के गांव घिटौरा में रविवार दोपहर अवैध रूप से पटाखे बनाने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान विस्फोटक पदार्थ में जोरदार धमाका हो गया। धमाके से पूरा मकान दहल गया और छत धराशायी हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। बताया गया कि हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने जांच पड़ताल कर मौके से पटाखों का जखीरा बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार घायलों को गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने गाजियाबाद रेफर कर दिया है। वहीं अभी तक की जांच में सामने आया है कि किराए पर मकान लेकर अवैध पटाखे बनाने का कार्य चल रहा था।