मथुरा के थाना बलदेव क्षेत्र में शुक्रवार की रात यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 135 के समीप एक कार की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार युवक और युवती की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने बताया कि युवक और युवती दिल्ली के रहने वाले थे। अक्तूबर में दोनों की शादी होनी थी। जानकारी के मुताबिक नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के आरके पुरम सेक्ट आठ निवासी युवक विशाल पुत्र एसएन प्रसाद अपनी मंगेतर अलका पुत्री प्रदीप कुमार के साथ कार से आगरा जा रहा था। बलदेव क्षेत्र में रात तकरीबन 12.30 बजे इनकी कार आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में विशाल और अलका की मौके पर ही मौत हो गई।